जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। जिला कलक्टर लोक बंधु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित शिक्षा, छात्र कल्याण एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्रभावी कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए।
बैठक में शाला दर्पण पोर्टल पर जिले की स्थिति की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले ब्लॉकों में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने नामांकन में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के लाभार्थी बच्चों की सूची प्राप्त कर राजकीय विद्यालय में प्रवेश करवाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कार्मिकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग शाला दर्पण के माध्यम से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए उपस्थिति, परिणाम, गृहकार्य, शौचालय, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े नवीन पैरामीटर्स पर प्रगति दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खेल मैदानों पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में उड़ान योजना की समीक्षा की गई। महात्मा गांधी विद्यालय गुर्जर मौहल्ला किशनगढ़ के परिसर से गुजरने वाले नाले को स्थानान्तरित करने का कार्य नगर परिषद द्वारा किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने डीएमएफटी फंड के समुचित उपयोग, कक्षा-कक्ष निर्माण, शौचालयों की व्यवस्था, बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालयों तथा जर्जर भवनों की मरम्मत एवं पूर्णतः क्षतिग्रस्त भवनों को जमींदोज करने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग समसा के अभियंताओं से कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के बिल लगातार प्रस्तुत किए जाए।
पालनहार योजना में सत्यापन एवं नवीनीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अध्ययनरत प्रमाण पत्र जारी कर शत-प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करने तथा ई-मित्र के माध्यम से सत्यापन कराने की प्रक्रिया की अभिभावकों को जानकारी देने के निर्देश दिए। यह कार्य 31 मार्च तक पूर्ण किया जाए। लाडो प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत प्रथम कक्षा में अध्ययनरत बालिकाओं को तृतीय किश्त के रूप में राशि हस्तांतरण, प्राप्त आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गणवेश, वाउचर एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए जनाधार प्रमाणीकरण कराने को कहा।
बैठक में आयरन और फोलिक एसिड टैबलेट वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनीमिया मुक्त अभियान, पीएम पोषण, एमडीएम, अतिक्रमण, बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थी स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि साप्ताहिक ब्लॉक स्तरीय निष्पादन बैठकों में भी इन सभी विषयों की मॉनिटरिंग उपखंड अधिकारी एवं बीसीईओ के माध्यम से की जाए। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा एवं दर्शना शर्मा, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा विभाग, साक्षरता विभाग, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ