राजस्थान दिवस समारोह - 2026 : 15 मार्च से 19 मार्च तक होंगे आयोजन
जिला कलक्टर ने ली बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। राजस्थान दिवस समारोह - 2026 के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक आयोजित हुई। इसमें अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि राजस्थान दिवस समारोह - 2026 के कार्यक्रमों का आयोजन संवत्सर के अनुसार रविवार 15 मार्च से 19 मार्च तक किया जाएगा। इसके अन्तर्गत 15 मार्च को जिला स्तर पर विकसित रन का आयोजन किया जाएगा। यह रन प्रातः 7 बजे पुरानी चौपाटी से आरम्भ होगी। इसके लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान दिवस समारोह के औपचारिक शुभारंभ के साथ ही राजस्थान को जाने डिजिटल क्विज का रजिस्ट्रेशन आरम्भ होगा। इसका नोडल विभाग स्कूल एवं कॉलेज शिक्षा एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग होंगे। विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में निबंध, भाषण एवं चित्रकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एक जिला एक उत्पाद मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन उद्योग विभाग द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 16 मार्च को राजस्थान जन जातिय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पर्यवेक्षण अधिकारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश होंगे। इसके लिए नोडल अधिकारी जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शिवदान सिंह है। इसी प्रकार 17 मार्च को युवा सम्मेलन का आयोजन जयपुर में किया जाएगा। इसके लिए पर्यवेक्षण अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा होंगे। युवा सम्मेलन में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। राजस्थान को जाने क्विज का जिला स्तरीय आयोजन 17 मार्च को रखा गया है। इसके नोडल विभाग स्कूल एवं कॉलेज शिक्षा विभाग होंगे।
उन्होंने कहा कि 18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस पर किसानों एवं पशुपालकों से सम्बन्धित कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दिन सायंकाल में राजकीय मंदिरों में आरती कार्यक्रम तथा महाआरती की जाएगी। इसके आयोजन के लिए पर्यवेक्षण अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी तथा नोडल अधिकारी देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश कुमार बचानी को बनाया गया है। राजस्थान दिवस के मुख्य समारोह में 19 मार्च को लाभार्थी सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें लाभार्थियों के साथ संवाद एवं लाभ हस्तांतरण किया जाएगा। सायंकाल में अतिशबाजी एवं जिला स्तर पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नोडल विभाग पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर ज्योति ककवानी, वन्दना खोरवाल एवं नरेन्द्र कुमार मीणा, उपखण्ड अधिकारी गरिमा नरूला, नगर निगम उपायुक्त अनिता चौधरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ