संध्या चौपाल का हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कार्यक्रम से सीधे जुड़े ग्रामीण
जनसुनवाई में रखी परिवेदनाएं, हुआ निस्तारण
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। ग्राम विकास रथ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ संध्या चौपाल का आयोजन विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद की मकरेड़ा ग्राम में शनिवार को किया गया। इसमें मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के राज्यस्तरीय कार्यक्रम को सीधा प्रसारित किया गया। उनके उद्बोधन को ग्रामीणों ने सुना।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने सम्बोधन में जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सरकार की मंशा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है। दुग्ध संग्रहण क्षमता में वृद्धि करने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने राज्य में विभिन्न स्थानों पर उपस्थित ग्रामीणों से वार्तालाप किया।
केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि उर्वरकों एवं रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से भूमि की उर्वरक शक्ति कम हो रही है। इसके बचाने के लिए रसायनमुक्त खेती की जानी चाहिए। गोबर और गौमूत्र का अधिकतम उपयोग करें। परीक्षण के तौर पर खेत के एक भाग में उर्वरकों का उपयोग करने के स्थान पर जैविक खाद्य का उपयोग करें। इससे कुछ समय पश्चात अच्छी उपज पैदा होने लगेगी। मिट्टी की जांच करवाकर विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार पौषक तत्व काम में लेने चाहिए। जांच के लिए मिट्टी एवं पानी का नमूना जिला मुख्यालय की प्रयोगशाला में देने के साथ-साथ स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक को भी दिए जा सकते हैं।
राजस्थान धरोहर संरक्षण प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत के द्वारा जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में प्राप्त किसानों को बिजली का समय परिवर्तित करने, मकरेड़ा को सराधना के स्थान पर जेठाना फीडर से जोड़ने के परिवादों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए अधीक्षण अभियंता आगामी दो दिवस में फील्ड विजिट करके समाधान करेंगे। मकरेड़ा-कालेसरा रोड़ की आगामी दो दिन में जांच कर समाधान कराया जाएगा। आवश्यकतानुसार आबादी भूमि के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। ढाका की ढाणी के विद्यालय में नवीन कक्षा-कक्ष डीएमएफटी से बनेंगे। इस विद्यालय में पेयजल के लिए पाईपलाईन के माध्यम से सप्लाई होने तक टैंकर से पानी पहुंचाया जाएगा। जनसुनवाई में अवैध खनन एवं परिवहन रोकने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
विधायक रामस्वरूप लांबा ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त समस्याओं का शीघ्र ही निस्तारण किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं होने पर प्रकरण सक्षम स्तर को भेजा जाकर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। सरकार आमजन को केन्द्र में रखकर कार्य कर रही है। ग्रामीणों के द्वारा कोई भी समस्या बताए जाने पर तत्काल समाधान करने का प्रयास रहेगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि सरकार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है। इसके लिए सरकार द्वारा ग्राम विकास रथ अभियान चलाया गया। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर इन विकास रथों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मौके पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा आम जन की समस्याओं का तत्काल निस्तारण भी हुआ।
इस अवसर पर श्री देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, उपखंड अधिकारी राजीव बडगूजर, तहसीलदार भागीरथ, अतिरिक्त ब्लॉक विकास अधिकारी महेंद्र मालाकार, मंडल अध्यक्ष संजय सोनी, पूर्व जिला अध्यक्ष शिवराज चौधरी, पूर्व प्रधान दिलीप पचार, पूर्व प्रधान दिनेश नायक, पूर्व सरपंच शिवराम चौधरी, गोविंद डुकिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ