उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल के तीन वरिष्ठ टिकट चेकिंग अधिकारियों को दी भावभीनी विदाई
अजमेर (अजमेर मुस्कान)। उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के टिकट चेकिंग विभाग द्वारा मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक नंदराम (DCTI), मुख्य टिकट निरीक्षक पृथ्वीराज (CTI) एवं उप मुख्य टिकट निरीक्षक कैलाश चंद महावर (DY-CTI) के सेवानिवृत्त होने पर एक भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में तीनों अधिकारियों की लगभग 36–37 वर्षों की उत्कृष्ट, ईमानदार एवं गौरवपूर्ण रेल सेवा को याद करते हुए उनके अनुकरणीय कार्य, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण की सराहना की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय सेवानिवृत्ति जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर अजमेर दक्षिण की लोकप्रिय विधायक श्रीमती अनीता भदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने तीनों अधिकारियों को माला ,साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कहा कि रेलवे कर्मचारियों की निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने तीनों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों, सामाजिक गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में टिकट चेकिंग स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम का वातावरण भावुक होने के साथ-साथ सम्मान और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। अंत में समस्त टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा तीनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

0 टिप्पणियाँ