Ticker

6/recent/ticker-posts

अजमेर में 7 अप्रैल को आयोजित होगा युवा सम्बल मेला

अजमेर में 7 अप्रैल को आयोजित होगा युवा सम्बल मेला

अजमेर में 7 अप्रैल को आयोजित होगा युवा सम्बल मेला

जिला कलक्टर ने दिए मेले के सफल आयोजन हेतु समयबद्ध एवं समन्वित प्रयास करने के निर्देश

40 से अधिक कंपनियां होंगी शामिल, अब तक एक हजार से अधिक आशार्थियों ने कराया पंजीकरण


अजमेर (अजमेर मुस्कान)। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संभागस्तरीय युवा सम्बल मेले का आयोजन आगामी 7 अप्रेल को किए जाने के सम्बन्ध में जिला कलक्टर  लोक बन्धु की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक आयोजित की गई। 

जिला कलक्टर लोक बन्धु ने कहा कि सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए संवेदनशील है। इसके लिए नियोक्ताओं एवं अभ्यर्थियों के मध्य सेतु के रूप में कार्य करने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। सरकार द्वारा आगामी मंगलवार 7 अप्रेल को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान माखुपुरा में संभाग स्तरीय युवा सम्बल मेले का आयोजन होगा। इसमें प्रातः 10 बजे से युवाओं को रोजगार प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी विभागों को मेले के सफल और सुचारू क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि युवा सम्बल मेले में अधिकतम रोजगार प्रदाता संस्थाओं को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। इनसे व्यक्तिगत सम्पर्क कर एसएसओ आईडी के माध्यम से पंजीकरण कराएं। इसी प्रकार युवाओं को भी मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। साथ ही अधिकतम युवाओं को ऑफर लेटर मिलना सुनिश्चित किया जाए। मेले में विभिन्न आउटरिच योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाएगा।

पंजीकरण के लिए विशेष अभियान के निर्देश

जिला कलक्टर ने युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज, कॉलेज शिक्षा और आरएसएलडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक पात्र आशार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने उपायुक्त नगर निगम को मेला स्थल पर सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के लिए पाबंद किया।  

40 से अधिक कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर

युवा सम्बलमेले के लिए युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और अब तक एक हजार से अधिक आशार्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 40 से अधिक नामी कंपनियां सम्मिलित होकर युवाओं का चयन करेंगी। पंजीकरण की प्रक्रिया वर्तमान में जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना नामांकन करवा सकते हैं।  


पंजीकरण की प्रक्रिया


अजमेर में 7 अप्रैल को आयोजित होगा युवा सम्बल मेला

मेले का लाभ उठाने के लिए आशार्थी विभागीय पंजीकरण लिंक https://rajemployment.rajasthan.gov.in/jobfair/regjobfaireventdayforjobseekers?eventId=31003200    अथवा जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके स्वयं को पंजीकृत कर सकते हैं। उप क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, अजमेर ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबन्धक  संजय सिंह, जिला रोजगार अधिकारी मधुसूदन जोशी, आईटीआई के उपनिदेशक अनिल कुमार शर्मा, मेरा युवा भारत संगठन के जिला युवा अधिकारी जयेश मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ